

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनपद में जल आधारित साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की पहल की जा रही है।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों की ओर से गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन गोष्ठियों के माध्यम से संबंधित विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, लोक कला एवं लोक परंपराओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग द्वारा संचालित इन गतिविधियों के तहत जोशियाड़ा झील में 11 से 13 नवम्बर, 2026 तक तीन दिवसीय बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 14 नवम्बर को जिला स्तरीय कयाकिंग प्रतियोगिता प्रस्तावित है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कयाकिंग की आधारभूत तकनीकों, सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
चिन्यालीसौड़ झील में 12 से 13 नवम्बर तक दो दिवसीय वाटर पैरासेलिंग इवेंट आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ ही जनपद में जल आधारित साहसिक पर्यटन की नई संभावनाओं को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इन आयोजनों से स्थानीय युवाओं को साहसिक खेलों में प्रशिक्षण एवं आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं साथ ही जोशियाड़ा और चिन्यालीसौड़ झील को जल क्रीड़ा एवं साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयासों को गति मिलेगी।


