
अल्मोड़ा। जनपद स्थित नैनी-जागेश्वर क्षेत्र में बीती बुधवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तारूला बंदी खोल देवता मंदिर के समीप मैक्स वाहन संख्या UK 01 TA-1299 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक सहित दो महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। मृतक महिलाओं में मां-बेटी शामिल हैं। हादसे में 15 वर्षीय बेटी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
हयात सिंह गैड़ा (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह गैड़ा, निवासी ग्राम न्योली, वाहन चालक।
बसंती गैड़ा (48 वर्ष) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी हरड़ा।
अंजली गैड़ा (15 वर्ष) पुत्री हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी हरड़ा, कक्षा 9 की छात्रा।
भैया दूज पर मायके से लौट रही थीं मां-बेटी


बताया जा रहा है कि बसंती गैड़ा और उनकी बेटी अंजली गैड़ा भैया दूज के अवसर पर अपने मायके बेरीनाग के बूँगा गांव गई हुई थीं। बुधवार रात दोनों मायके से अपने घर हरड़ा वापस लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में हुए दर्दनाक हादसे ने मां-बेटी की जिंदगी छीन ली।
वाहन में पहले सवार थे 7-8 लोग, हादसे के समय केवल तीन थे मौजूद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन में शेराघाट से लगभग 7 से 8 लोग सवार हुए थे, जो दुर्घटना से पहले ही रास्ते में उतर चुके थे। हादसे के समय वाहन में चालक हयात सिंह गैड़ा और दोनों महिलाएं ही सवार थीं।


