नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2026-27 के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) दरों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत लगभग 62,370.02 करोड़ रुपये की बजटीय आवश्यकता का अनुमान है।
यह राशि रबी 2025-26 के 37,952.29 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान से लगभग 24,417.73 करोड़ रुपये अधिक है। स्वीकृत सब्सिडी दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेंगी। इसमें डीएपी और एनपीकेएस सहित P&K उर्वरकों की 28 श्रेणियों को शामिल किया गया है।
सरकार के अनुसार, सब्सिडी उर्वरक कंपनियों को अधिसूचित दरों के आधार पर दी जाएगी, ताकि किसानों को उर्वरक किफायती और उचित कीमतों पर उपलब्ध कराया जा सके। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों और कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए दरों को मंजूरी दी गई है।
इस निर्णय का उद्देश्य रबी फसलों की बुवाई के मौसम में उर्वरकों की निर्बाध उपलब्धता बनाए रखना और किसानों पर लागत का दबाव कम करना है। सरकार ने कहा है कि सब्सिडी व्यवस्था के माध्यम से डीएपी सहित फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों की आपूर्ति को सुचारु रखने का प्रयास किया जाएगा।


