
शिकायत पर बोला- ‘कोई बात नहीं, होता रहता है’
मोटाहल्दू। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और बासी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के बावजूद कुछ मिठाई विक्रेता नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। ताजा मामला मोटाहल्दू का है, जहां एक चर्चित मिठाई विक्रेता पर ग्राहक को बासी और बदबूदार मिठाई बेचने का आरोप लगा है।



जानकारी के अनुसार, विगत दिवस एक ग्राहक ने मोटाहल्दू की एक मिठाई की दुकान से मिठाई खरीदी। घर पहुंचने पर मिठाई से बदबू आने और उसके बासी होने का पता चला। इस पर ग्राहक ने तत्काल फोन कर दुकानदार को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि दुकानदार ने गंभीरता दिखाने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा, ‘कोई बात नहीं, होता रहता है।’
दुकानदार का यह कथित रवैया खाद्य सुरक्षा और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति उसकी लापरवाही को उजागर करता है। सवाल यह है कि जब त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई के दावे कर रहा है, तो आखिर ऐसे दुकानदारों के हौसले कैसे बुलंद हैं?
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और पैकेजिंग पर आवश्यक जानकारी देना अनिवार्य है। इसके बावजूद यदि ग्राहकों को बासी और खराब मिठाइयां बेची जा रही हैं, तो यह गंभीर जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित दुकान की जांच कराने, मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है या फिर आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे दुकानदारों को यूं ही खुली छूट मिलती रहेगी।


