थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के लिए कुल 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित 11 योजनाओं की लागत 30.50 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये योजनाएं सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। इसके साथ ही धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव जैसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं को युवाओं की प्रतिभा निखारने का प्रभावी मंच बताया।

उन्होंने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 1,300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास विशेष पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड, वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, नकल विरोधी कानून और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
कार्यक्रम में ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की गई। वहीं, गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों के अनुवाद के लिए साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, महोत्सव समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


