
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक युवक को 190 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की ANTF टीम ने संयुक्त चेकिंग के दौरान गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा की मजार के पीछे से एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी उर्फ खुजाट (23) पुत्र अयूब कुरैशी, निवासी वारसी मदरसे के पीछे, लाइन नंबर 17, बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद लाल रंग के बैग से 95 बुप्रेनॉर्फिन (BI NORPHINE) इंजेक्शन और 95 एविल (फेनिरामाइन मैलिएट) इंजेक्शन, प्रत्येक 10 एमएल, बरामद किए गए। इस तरह कुल 190 इंजेक्शन पुलिस ने बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 170/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
बनभूलपुरा पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। वहीं, ANTF कुमाऊं परिक्षेत्र की टीम में उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


