
-विधायक बंशीधर भगत ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
हल्द्वानी, 11 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालित ‘समृद्ध किसान, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर रहा कृषक रथ रविवार को हल्द्वानी पहुंचा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने किसानों को प्राकृतिक एवं रसायनमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से भूमि की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने किसानों से रसायनों पर निर्भरता कम करने और खेती के टिकाऊ तरीकों को अपनाने की अपील की।
उन्होंने किसानों से अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराने के साथ मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया लगातार डिजिटल हो रही है। ऐसे में किसानों के लिए आवश्यक पंजीकरण और अभिलेखों को अद्यतन रखना जरूरी है।
विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों और लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और कृषि से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। कृषक रथ के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर विधायक बंशीधर भगत ने कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर देहरादून के लिए रवाना किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. कंचन नैनवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद हयांकी, कृषि रक्षा अधिकारी रितु टम्टा, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. गीतांजलि बंगारी, हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य रजनी, प्रगतिशील किसान नरेंद्र मेहरा, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. सुधा जुकारिया, इफको के प्रबंधक दीपक आर्या, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह बोहरा, मंडल अध्यक्ष संदीप सनवाल, जीएस मेहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


