
बनबसा। मीना बाजार क्षेत्र में बैग बिक्री एवं रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री का मामला सामने आया है। एसओजी और बनबसा पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकान पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। मौके से 39,760 रुपये की भारतीय और नेपाली मुद्रा भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मीना बाजार स्थित दुकान की तलाशी के दौरान प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। इन दवाओं का इस्तेमाल नशे के लिए किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने बरामद दवाओं और नकदी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से इस्लामनगर, बदायूं का रहने वाला है और वर्तमान में फागपुर, बनबसा में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

