
चम्पावत । जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, सड़क, आवास, आर्थिक सहायता, सोलर लाइट और फसलों की सुरक्षा सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी मनीष कुमार के सामने रखीं। कार्यक्रम में कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए। शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ और चेनलिंक फेंसिंग कराने, प्रधानमंत्री आवास दिलाने, सुरक्षा दीवार निर्माण, राशन कार्ड, पशुपालन और पेयजल से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मुड़ियानी निवासी ममता देवी ने अपने दिव्यांग पुत्र हिमांशु रावत के उपचार और आर्थिक सहायता की मांग की। दिव्यांग सुंदर सिंह ने भी आर्थिक मदद के लिए आवेदन किया। इस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपचार संबंधी आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए।
हरम-मंच निवासी शंकर सिंह ने पेयजल संकट दूर करने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, मौराड़ी के लक्ष्मीदत्त जोशी, नरसिंह डांडा की कमला देवी, लड़ाबोरा अमोड़ी के मुकेश सिंह नेगी, लोहाघाट के अनिल राय, अर्जुन सिंह और सुंदरी देवी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। अजय नरियाल ने फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ कराने की मांग रखी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर उनका समाधान किया जाए। प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने और शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी देने को भी कहा। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न करने और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नौ लाभार्थियों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इस अवसर पर प्रभागीय मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


