
बागेश्वर। गरुड़ तहसील के ग्राम नरग्वाड़ी में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने सगे चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। हमले में दंपती की बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाल कैलाश नेगी के अनुसार, ग्राम नरग्वाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया पुत्र मथुरा दत्त खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) और चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद दंपती की बहू दया खोलिया पत्नी नवीन खोलिया बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गई, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दया खोलिया का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। एक ही परिवार में दो लोगों की हत्या और बहू पर जानलेवा हमले की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


