
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चंपावत जिले में छठ पूजा के लिए 20 नए घाट बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं के विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कारों के माध्यम से समाज को एकजुट करने तथा लोगों को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित ऊधम सिंह नगर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा घाटों के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाएं तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट पर और चंपावत जिले के बनबसा में भी छठ पूजा घाट बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधामों के विकास की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार के साथ वहां आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर तथा मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


