
हल्द्वानी। सीबीएसई नेशनल गर्ल्स स्विमिंग चैंपियनशिप में सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी की कक्षा नौ की छात्रा श्रद्धा जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को पहली बार 100 मीटर और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक दिलाकर इतिहास रच दिया।
मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित प्रकाश स्विमिंग पूल में 25 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में श्रद्धा ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 1 मिनट 22 सेकंड तथा 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में 2 मिनट 57 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। दोनों स्पर्धाओं में उनका प्रदर्शन शानदार रहा। इन दोनों स्पर्धाओं में उत्तराखंड के लिए पहली बार स्वर्ण पदक हासिल करने की उपलब्धि ने उनकी सफलता को और खास बना दिया।
मोटाहल्दू निवासी शेखर जोशी की पुत्री श्रद्धा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सेंट थेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान फादर राजेश एवं विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतकर श्रद्धा ने अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


