
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में लंदन से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम का छह दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर रविवार को संपन्न हो गया। 15 सितंबर से आयोजित शिविर में टीम लीडर डॉ. कृष्णा सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दूरबीन विधि से 25 जटिल ऑपरेशन किए। चिकित्सकों के अनुसार सभी ऑपरेशन सफल रहे।
शिविर के दौरान कई मरीज गंभीर अवस्था में पहुंचे थे, जिसके चलते ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं करीब 100 अन्य मरीजों का परीक्षण किया गया। इन मरीजों के आवश्यक ऑपरेशन आगामी अप्रैल में प्रस्तावित चिकित्सा शिविर के दौरान किए जाएंगे।

डॉ. कृष्णा सिंह ने बताया कि क्षेत्र में गॉल ब्लैडर में पथरी के काफी मामले सामने आए हैं। कई मरीज उपचार कराने के बजाय लंबे समय तक पेनकिलर लेकर दर्द को दबाते रहे, जो गंभीर स्थिति में जोखिमपूर्ण हो सकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय जांच के बाद आवश्यकतानुसार ऑपरेशन ही प्रभावी उपचार है।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एक देवानंद जी महाराज ने बताया कि अप्रैल में प्रस्तावित शिविर से पहले क्षेत्र के विद्यालयों में बच्चों के गॉल ब्लैडर की पथरी की जांच के लिए अल्ट्रासाउंड स्क्रीनिंग कराई जाएगी। जांच में चिन्हित मरीजों को आवश्यक उपचार और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
डॉ. कृष्णा सिंह ने बताया कि अप्रैल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम करीब दो सप्ताह तक मायावती में रहकर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं देगी। शिविर में डॉ. कौशिक रे, डॉ. उर्मिला, डॉ. सत्यकी सरकार, डॉ. अनुराग गर्ग, डॉ. विनय कृष्णा मिश्रा और डॉ. अनुज सिंह राणा समेत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ एवं वयोवृद्ध चिकित्सक डॉ. डीएस दुबे के मार्गदर्शन में शिविर संपन्न हुआ।
शिविर के समापन के बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एक देवानंद जी महाराज के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्रवासियों को भविष्य में भी निशुल्क और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
फोटो कैप्शन : मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में मरीज के ऑपरेशन से पूर्व ऑपरेशन थिएटर में तैयारियां करते विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम।

