
–
सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का भव्य समापन, तनुश्री शंकर की प्रस्तुति ने बांधा समां
अल्मोड़ा। महान नृत्य एवं कला साधक गुरु उदय शंकर की स्मृति और उनकी कलात्मक विरासत को समर्पित सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का रविवार को उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मनोज तिवारी ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में कला एवं संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे और अकादमी का सभागार दर्शकों से खचाखच भरा रहा।

पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा और संस्कृति विभाग, उत्तराखंड की ओर से आयोजित कार्यशाला में 40 प्रतिभागियों ने रंगमंच, अभिनय, पटकथा लेखन, कैमरा, फिल्म एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माण सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण लिया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के आधार पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।
‘कहानी राजा सुथी लाल की’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही। प्रस्तुति का मार्गदर्शन कैलाश कांडवाल, शुभम शर्मा और अभिषेक डोभाल ने किया। प्रतिभागियों के अभिनय और सामूहिक प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा के कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां दीं। गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू एवं प्रसिद्ध कलाकार तनुश्री शंकर और कोलकाता से आई उनकी टीम की विशेष प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर तनुश्री शंकर को अल्मोड़ा में निर्मित तांबे की गोलू देवता की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई।
समापन समारोह में विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि गुरु उदय शंकर की कलात्मक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना आयोजन की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को कला की विभिन्न विधाओं को सीखने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कार्यशाला के मेंटर्स, कलाकारों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि उदय शंकर नाट्य अकादमी भविष्य में भी सांस्कृतिक एवं कलात्मक गतिविधियों का जीवंत केंद्र बनी रहेगी।
समारोह में मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी अध्यक्ष पीसी तिवारी, प्रो. शेखर जोशी, अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत, डॉ. दीपा गुप्ता, कार्यक्रम क्यूरेटर हिमांशु धरमोरा, संग्रहालय निदेशक जयन्ती खाती सहित संस्कृति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कलाकार, रंगकर्मी, कार्यशाला प्रतिभागी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

