
लोहाघाट। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में चल रहे पांच दिवसीय NCC औपचारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब 90 NCC कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद निकाली गई जागरूकता रैली में कैडेट्स ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “नशा मुक्त भारत—हमारा संकल्प” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को NCC ‘B’ और ‘C’ प्रमाण-पत्र परीक्षाओं की तैयारी के साथ ड्रिल, परेड, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, राष्ट्र सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है।
80 यूके बटालियन NCC पिथौरागढ़ के कमान अधिकारी कर्नल डीएस ऐरी के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में प्रशासनिक अधिकारी मेजर संध्या और PI स्टाफ सीएचएम विनोद सिंह ने कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेखा जोशी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। NCC ANO डॉ. नम्रता देव मेहर ने कहा कि NCC का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना विकसित करना भी है।

