
–
दूधाधारी चौक पर राज्य मंत्री नितिन गौतम का हसमुख अखाड़ा ने किया स्वागत

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बीच सार्वजनिक सुविधाओं की कमी परेशानी का कारण बनी हुई है। शांतिकुंज चौकी से पवन धाम तक पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत सामने आई है। रविवार को दूधाधारी चौक पर हसमुख अखाड़ा के पदाधिकारियों ने श्री गंगा सभा अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
हसमुख अखाड़ा के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद शांतिकुंज चौकी से पवन धाम तक सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने क्षेत्र में कम से कम दो सुलभ शौचालय और दो से तीन स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की।
राज्य मंत्री नितिन गौतम ने पदाधिकारियों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
विनोद मिश्रा और भोमेश श्रीकुंज ने कहा कि शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
दीपक उप्रेती और तुषार कपिल ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाना जरूरी है।
इस दौरान हसमुख अखाड़ा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

