
-दो करोड़ में बनी फिल्म ने 54 करोड़ रुपये का कारोबार पार करने का दावा, नागर ने पूरे देश में टैक्स-फ्री करने की प्रधानमंत्री से की मांग

देहरादून/हल्द्वानी/नई दिल्ली, 5 सितंबर 2026। बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड सरकार द्वारा टैक्स-फ्री घोषित किए जाने पर शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक एवं राष्ट्रीय युवा हिन्दू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र नागर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
महेंद्र नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को टैक्स-फ्री कर सनातन धर्म, कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत और बाबा नीब करौरी के करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल एक फिल्म को कर-मुक्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बाबा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दो करोड़ में बनी फिल्म, 54 करोड़ पार करने का दावा
नागर के अनुसार, फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बड़े प्रचार-प्रसार के बिना बाबा के संदेश प्रेम, सेवा और विनम्रता को केंद्र में रखकर फिल्म का निर्माण किया। उनका दावा है कि करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म ने पहले दिन लगभग 10 लाख रुपये की कमाई की और शुरुआती दौर में कई सिनेमाघरों से फिल्म को हटा दिया गया था।
नागर ने बताया कि बाद में भंडारों और लोगों की जुबानी प्रचार के माध्यम से फिल्म को दर्शकों का समर्थन मिला और तीसरे सप्ताह से इसके कारोबार में तेजी आई। उनके अनुसार फिल्म अब 54 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है और ब्लॉकबस्टर साबित हुई है।
कलाकारों की भूमिका की सराहना
महेंद्र नागर ने फिल्म के कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी की भूमिका में शोभिनव सत्या ने प्रभावशाली अभिनय किया है। उनके अनुसार, शोभिनव सत्या शुरुआत में फिल्म में सहायक निर्देशक की भूमिका में थे, लेकिन मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब होने के बाद विशाल चतुर्वेदी ने उनका लंबा ऑडिशन लेकर उन्हें मुख्य भूमिका दी।
फिल्म में विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी, गुलशन पांडे, भगवानदास पटेल और राजीव मिश्रा समेत अन्य कलाकारों ने भी काम किया है। निर्माता रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया ए. नागर के योगदान की भी नागर ने सराहना की।
200 करोड़ पार करने की प्रार्थना
महेंद्र नागर ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए बाबा नीब करौरी महाराज से फिल्म के 200 करोड़ रुपये का कारोबार पार करने की प्रार्थना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मांग की कि फिल्म को पूरे भारत में टैक्स-फ्री किया जाए, ताकि बाबा नीब करौरी का संदेश देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
जय बाबा नीब करौरी। जय श्री राम।

