
रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को कमरे में ले जाकर कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने और उसकी अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाद में युवक ने युवती की वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दी और इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रुद्रपुर निवासी महिला ने तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री की घास मंडी निवासी अर्जुन आर्य से जान-पहचान थी। आरोप है कि अर्जुन उसकी पुत्री को अपने कमरे में ले गया। वहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को पिला दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती की अश्लील वीडियो बना ली।

महिला के मुताबिक बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान उसकी पुत्री का विवाह कहीं और तय हो गया। आरोप है कि अर्जुन ने युवती की बनाई गई अश्लील वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दी। इसका पता चलने पर युवती ने आरोपी का विरोध किया तो उसने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकी देकर उसकी पुत्री को ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी अर्जुन आर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।

