
–सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र, कुमाऊं के श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
हल्द्वानी। हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ के दौरान कुमाऊं क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए काठगोदाम से हरिद्वार तक विशेष ट्रेन चलाने की मांग उठी है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि अर्धकुंभ के दौरान उत्तराखंड सहित कुमाऊं क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगा स्नान और धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए काठगोदाम रेलवे स्टेशन से हरिद्वार के लिए विशेष ट्रेन का संचालन जनहित में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से नियमित रेल सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की संभावना है। ऐसे में विशेष ट्रेन चलाए जाने से नैनीताल, हल्द्वानी, काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि अर्धकुंभ की अवधि में काठगोदाम से हरिद्वार के लिए विशेष ट्रेन संचालित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि कुमाऊं क्षेत्र के श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।


