
- हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के आजाद नगर, लाइन नंबर 18 में शुक्रवार देर शाम एक 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी के घर में अकेले होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी मोबीन मैकेनिक का काम करते हैं। उनकी तीन बेटियों में 14 वर्षीय मिन्हा परवीन सबसे छोटी थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए थे, जबकि मिन्हा घर पर अकेली थी।

देर शाम जब पिता और परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे तो उन्होंने किशोरी को आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने घर के अंदर तलाश की तो मिन्हा कमरे में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोरी की मौत की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि मिन्हा परवीन ने हाल ही में कक्षा 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और इन दिनों घर पर ही थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
सूचना पर बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

