
–सर्वे पूरा, लंबित प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का किया आग्रह; ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर होगी कनेक्टिविटी
हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसदीय क्षेत्र के नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर लंबित प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया है।
सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क मजबूत करना समय की आवश्यकता है। इन क्षेत्रों में 4G सेवा शुरू होने से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य लोगों को बेहतर संचार सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल सरकारी सेवाओं और ऑनलाइन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में रुद्रपुर क्षेत्र के संजय वन और टांडा फॉरेस्ट रेंज, भीमताल क्षेत्र के नलिनी, बेतालघाट क्षेत्र के रतीघाट, कैंची धाम क्षेत्र के ऊंचाकोट (मल्लागांव) और पड़ाली, कोटाबाग क्षेत्र के नाथूनगर, हल्द्वानी क्षेत्र के बिंदुखत्ता तथा किच्छा क्षेत्र के मल्ली देवरिया शामिल हैं।
पत्र के अनुसार, इन सभी नौ स्थलों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और संबंधित प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद इन पर अंतिम निर्णय लंबित है।
अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि इन क्षेत्रों में 4G नेटवर्क के विस्तार का रास्ता साफ हो सके। उन्होंने कहा कि बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के लोगों को डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी।


