
हल्द्वानी। बरेली रोड पर रात के समय हाईवे पर अचानक सामने आई गाय को बचाने की कोशिश एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। गाय से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिरी स्कूटी से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चार दिन तक सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
वार्ड नंबर 12, गली नंबर 11, पर्वतीय मोहल्ला बरेली रोड निवासी कमलेश साहू (32) पुत्र बाल गोविंद साहू परिवार के साथ रहते थे। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की रात कमलेश स्कूटी से बरेली रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर अचानक उनकी स्कूटी के सामने गाय आ गई।
गाय को बचाने के प्रयास में कमलेश ने स्कूटी मोड़ दी। गति अधिक होने के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में कमलेश के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
चार दिनों तक उपचार के बावजूद कमलेश की हालत में सुधार नहीं हो सका। शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


