
- पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने खुद पर डीजल डालकर लगाई आग, गंभीर
लालकुआं। निकटवर्ती घोड़ानाला क्षेत्र की वीआईपी गेट कॉलोनी में बुधवार को एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में कथित रूप से खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। आग की चपेट में आने से कमरे में रखा घरेलू सामान भी जल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट कॉलोनी निवासी सत्येंद्र गंगवार पुत्र धर्मपाल गंगवार की पत्नी कुछ समय पूर्व नाराज होकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से सत्येंद्र परेशान चल रहा था। बुधवार को उसने कथित तौर पर अपने कमरे के भीतर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली।
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे सत्येंद्र को 108 एंबुलेंस सेवा से हल्द्वानी स्थित एसटीएच चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक द्वारा उठाए गए इस कदम के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

