
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के लामाचौड़-बजूनियाहल्दु में दिनदहाड़े चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बजूनियाहल्दु निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 10 सितंबर को परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। दोपहर करीब दो बजे से शाम चार बजे के बीच अज्ञात चोर घर में घुस गए और 21 हजार रुपये की नकदी के साथ चांदी का कमरबंद, सोने का मंगलसूत्र व अंगूठी तथा चांदी की पायल चोरी कर ले गए।

घर लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर मुखानी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

