
लालकुआं। दुग्ध उत्पादन और सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी सफलता का परचम लहराया है। बेहतर कार्यप्रणाली, दुग्ध उपार्जन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर लालकुआं दुग्ध संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि से लालकुआं के साथ ही नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र का मान बढ़ा है।
उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वर्ष 2025-26 की दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों के आंकड़ों के आधार पर लालकुआं दुग्ध संघ का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चयन किया गया।
शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित करते हुए सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का पुरस्कार प्रदान किया।
यह सम्मान उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, महाप्रबंधक आरएम तिवारी एवं उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी प्रमाण-पत्र के आधार पर प्रदान किया गया।
लालकुआं दुग्ध संघ की इस उपलब्धि को बेहतर प्रबंधन, प्रभावी कार्यप्रणाली और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के समन्वय से संघ ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।


