

दीपावली एवं धनतेरस पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR) हल्द्वानी पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था का किया निरीक्षण।
आगामी दीपावली एवं धनतेरस पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR), हल्द्वानी में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
एसएसपी नैनीताल द्वारा एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल को निर्देशित किया गया कि वे CCR में स्थापित निगरानी व्यवस्था को पूर्णतः सक्रिय रखते हुए सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। साथ ही अधीनस्थ कार्मिकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए स्वयं भी निगरानी व्यवस्था का पर्यवेक्षण करें।
इस दौरान शहर के विभिन्न संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले एवं प्रमुख स्थानों पर स्थापित 233 एक्टिव सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं लाइव फीड का बारीकी से परीक्षण किया गया। पर्व के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त ड्रोन के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
निर्देशित किया गया है कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक घटना, संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाना एवं चौकी को सूचित करते हुए त्वरित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दीपावली एवं धनतेरस का पर्व जनपद में हर्षोल्लास, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इसके लिए आधुनिक तकनीक एवं सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से पुलिस द्वारा लगातार सतर्क दृष्टि रखी जा रही है।


