
रुद्रपुर। अटरिया मंदिर मोड़ के पास बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घर का सामान लेने के लिए निकले एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह व्यक्ति घर का सामान लेने के लिए अटरिया मंदिर मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

