
नैनीताल। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण कर माल्यार्पण किया।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी से सत्य, अहिंसा और सहिष्णुता की सीख मिलती है, जबकि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन मेहनत, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने पुलिस कर्मियों से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सहायता के लिए तत्पर रहने तथा राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गांधी जयंती को स्वच्छता के प्रतीक दिवस के रूप में मनाते हुए एसएसपी ने पुलिस विभाग में कार्यरत पर्यावरण मित्रों (स्वच्छकों) को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट समेत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए।
वहीं, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस कार्यालय नैनीताल तथा एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी में कार्यालय स्टाफ के साथ माल्यार्पण किया। जनपद के विभिन्न क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, थानों और चौकियों में भी गांधी एवं शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई।

