
देहरादून। पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी में दर्दनाक हादसा सामने आया है। कंपनी के जनरेटर रूम में बुधवार सुबह दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों सिंधु सेंटर स्थित ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम देखते थे।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच के लिए जनरेटर रूम में गए। देर रात तक दोनों के बाहर नहीं आने पर बुधवार सुबह गार्ड ने जनरेटर रूम में जाकर देखा तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े थे। गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पटेल नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों इंजीनियरों की मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।

