
फर्जी इंस्टाग्राम I
रामनगर। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की फोटो पर अश्लील और आपत्तिजनक कमेंट करने के मामले में रामनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर बार-बार नई फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को सोशल मीडिया पर परेशान कर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार, अरुण कुमार ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति इंस्टाग्राम पर बार-बार फर्जी आईडी बना रहा है। इन आईडी पर उनकी पत्नी की फोटो लगाकर अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं को परेशान करने और साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान जितेंद्र सैनी पुत्र श्याम लाल, निवासी पूछड़ी, थाना रामनगर, नैनीताल के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी संचालित किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 284/2026, धारा 79 BNS तथा धारा 67A और 66D IT Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

