
–


हिंदी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों का चयन
गरुड़। हिंदी दिवस के अवसर पर दिवंगत आदर्श हिंदी शिक्षिका मंजू जोशी की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा संचालित ‘मंजू जोशी स्मृति हिंदी मेधावी छात्र सम्मान’ के दूसरे संस्करण के लिए मेधावी विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की गई।
सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल अयारतोली, गरुड़ में हिंदी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का इस सम्मान के लिए चयन किया गया है। इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में हर्षित बड़सीला और सुमित जोशी, जबकि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में रिया पुरोहित और नियति नगरकोटी को सम्मान के लिए चुना गया है। चयनित विद्यार्थियों ने हिंदी विषय में हाईस्कूल स्तर पर 99 प्रतिशत और इंटरमीडिएट स्तर पर 97 प्रतिशत अंक हासिल कर यह उपलब्धि प्राप्त की है।
दिवंगत शिक्षिका के परिजनों ने बताया कि चयनित मेधावी विद्यार्थियों को निकट भविष्य में आयोजित होने वाले एक सार्वजनिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सम्मान का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना तथा मंजू जोशी की शिक्षकीय स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना है।
ज्ञात हो कि आदर्श हिंदी शिक्षिका मंजू जोशी का करीब दो वर्ष पूर्व आकस्मिक निधन हो गया था। उनके विद्यालय में उनकी स्मृति को बनाए रखने के उद्देश्य से परिजनों ने उनके द्वारा पढ़ाए गए अंतिम बैच के विद्यार्थियों के इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने तक चार वर्षों के लिए ‘मंजू जोशी स्मृति हिंदी मेधावी सम्मान’ शुरू करने की घोषणा की थी।
इसी क्रम में इस वर्ष सम्मान श्रृंखला का दूसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। गत वर्ष हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें मूर्धन्य विद्वान एवं वक्ता डॉ. गोपाल कृष्ण जोशी ने सारगर्भित व्याख्यान दिया था।

