
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अधिशासी अधिकारी को वार्डवार निरीक्षण और प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर पालिका क्षेत्र में स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार विवरण तैयार किया जाए। इसमें प्रत्येक वार्ड में कुल कितनी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, कितनी सुचारू हैं और कितनी खराब हैं, इसका स्पष्ट ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
इसके साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का विवरण भी वार्डवार तैयार किया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि रात के समय नागरिकों की आवाजाही को देखते हुए शहर में स्ट्रीट लाइटों का नियमित रूप से चालू रहना जरूरी है।
उन्होंने प्रतिदिन की कार्ययोजना तैयार कर नगर पालिका के दो कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए। दोनों कार्मिक वाहन से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे।
निरीक्षण के दौरान खराब मिली स्ट्रीट लाइटों और उनमें से ठीक कराई गई लाइटों की संख्या की दैनिक रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। आयुक्त ने मरम्मत कार्य में लापरवाही नहीं बरतने और खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।


