
लालकुआं। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस ने एक आरोपी को 134 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी कब्जे में लिया है। मामले में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की।

12 सितंबर 2026 को चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने सुभाष नगर पुलिस बैरियर लालकुआं के पास एक बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक संख्या UK18Q5328 (हीरो HF Deluxe) पर रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 134 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी बंटी पुत्र जीत सिंह, निवासी तुमरिया डैम नंबर-1, चंद्रनगर, मलधनचौड़, थाना रामनगर, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद कच्ची शराब सूरज नाथ गोस्वामी निवासी बिंदुखत्ता के लिए ले जा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इससे पूर्व भी सूरज गोस्वामी को कई बार कच्ची शराब उपलब्ध कराने की बात बताई है। मामले में सूरज गोस्वामी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना लालकुआं में एफआईआर संख्या 135/2026, धारा 60/69बी/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी बंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ और कांस्टेबल वीरेन्द्र रौतेला शामिल रहे।

