रुद्रपुर। जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति तथा उनमें आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), जिला विकास अधिकारी (डीडीओ), समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), सुपरवाइजर एवं संबंधित विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों में भवनों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि इन केंद्रों की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

