जिले के चार विद्यालयों में बनेंगे नए कक्षा-कक्ष, बेहतर होगा पढ़ाई का माहौल
चाचड़ी, मैरोली, चल्थियां और मडचमार के विद्यालयों को मिलेगा एक-एक नया कक्ष

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा सुविधाएं बेहतर बनाने के उद्देश्य के अनुरूप जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में आवश्यक कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने बताया कि विद्यालय भवनों की स्थिति और कक्षा-कक्षों की जरूरत को देखते हुए निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके तहत विकासखंड बाराकोट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय चाचड़ी, विकासखंड पाटी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मैरोली और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चल्थियां तथा विकासखंड लोहाघाट के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मडचमार में एक-एक कक्षा-कक्ष बनाया जाएगा।
नए कक्षा-कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बैठने और पढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और शिक्षकों को कक्षाएं व्यवस्थित ढंग से चलाने में सुविधा होगी। इसका सबसे ज्यादा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलेगा। कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और पठन-पाठन के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा।

