राज्य आंदोलनकारियों ने सुनाए संघर्ष के संस्मरण, राज्य निर्माण में हर वर्ग के योगदान को किया याद


आगामी राज्य स्थापना दिवस के परिप्रेक्ष्य में आज जिला सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद रुद्रप्रयाग के तीनों विकासखंडों के राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग और योगदान को नमन करते हुए उन्हें सम्मानित किया।




कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने आंदोलन के दौरान सामने आई चुनौतियों, संघर्षों और जनभागीदारी के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि पृथक राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में समाज के हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों ने एकजुट होकर राज्य निर्माण की लड़ाई लड़ी। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और अटूट संकल्प का परिणाम है। राज्य आंदोलनकारियों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष को याद रखते हुए उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राज्य निर्माण के उद्देश्यों, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर चिंतन करने का भी अवसर है। राज्य आंदोलनकारियों के अनुभव और संस्मरण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस दौरान राज्य आंदोलनकारी श्री मानवेंद्र सिंह बर्त्वाल, श्री मोहन चंद्र बर्त्वाल, श्री रमेश सेमवाल, श्री कमल सिंह, श्री मदन कोटवाल, श्री वीरेंद्र सिंह असवाल, श्री लक्ष्मी प्रसाद, श्री राजेंद्र सिंह, श्री सुंदर लाल तिवारी एवं श्री राम भरोसे , मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण निगम मीनल गुलाटी, अर्थ एवं संख्याधिकारी संदीप भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

