
बागेश्वर। मटेना-जिनखोला-बंड मोटरमार्ग पर जिनखोला के पास शनिवार शाम एक कार अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो ग्रामीण घायल हो गए। गनीमत रही कि दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जिनखोला निवासी चालक रमेश सिंह भाकुनी शनिवार शाम करीब चार बजे कार से मटेना की ओर जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही जगदीश सिंह भाकुनी भी सवार थे। बताया गया कि कटारमल गधेरे के पास अचानक कार असंतुलित हो गई और सड़क से नीचे करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

कार के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आईं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।

