

भुजान (अल्मोड़ा)। खंड शिक्षा अधिकारी राजा रजनीश कर्ण की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 9 बजे गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित होने वाली विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

वर्चुअल बैठक में 98 विद्यालयों ने प्रतिभाग कर अपने विचार रखे। इसमें विकासखंड ताड़ीखेत क्षेत्र के विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी रही।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए विद्यालय स्तर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के तहत सभी विद्यालयों में विकसित भारत-2047 विषय पर निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सरकारी योजनाओं पर आधारित नाट्य मंचन एवं अन्य प्रस्तुतियां भी कराई जाएंगी। विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं और फिट इंडिया गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए कि आयोजित गतिविधियों की फोटो, वीडियो एवं संबंधित आख्या सुरक्षित रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

