
नैनीताल, 11 सितंबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखंड उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति की ओर से 12 सितंबर 2026 (शनिवार) को उच्च न्यायालय परिसर, नैनीताल में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का उद्देश्य लंबित मुकदमों और विवादों का आपसी समझौते एवं सुलह के माध्यम से त्वरित निस्तारण करना है।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति की सचिव नेहा कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी और फौजदारी दोनों प्रकार के शमनीय (Compoundable) मामलों को निस्तारण के लिए रखा जाएगा।
लोक अदालत में मुख्य रूप से शमनीय आपराधिक मामले, परक्राम्य लिखत अधिनियम (N.I. Act) की धारा 138 के तहत चेक बाउंस के मामले, बैंक ऋण एवं वित्तीय विवाद, श्रम एवं रोजगार संबंधी मामले, बिजली और पानी के बिलों से जुड़े विवाद, पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण एवं प्रतिकर से जुड़े मामले, किराया व इंजंक्शन वाद तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से संबंधित मामलों की सुनवाई की जाएगी। इसके अलावा आपसी समझौते से निस्तारित किए जा सकने वाले अन्य दीवानी मामलों को भी लोक अदालत में लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निस्तारण होने पर पक्षकारों को कई लाभ मिलते हैं। मामलों का त्वरित और अंतिम समाधान होने के साथ ही लंबी कानूनी प्रक्रिया, बार-बार की तारीखों और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलती है। आपसी सहमति से विवाद का समाधान होने के कारण पक्षकारों के बीच भविष्य में विवाद की संभावना भी कम होती है। लोक अदालत में मामला निस्तारित होने पर नियमानुसार जमा कोर्ट फीस की वापसी का भी प्रावधान है।
सचिव ने बताया कि जो पक्षकार अथवा अधिवक्ता शारीरिक रूप से उपस्थित होने में असमर्थ हैं, वे उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से वर्चुअल रूप से भी राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने वादकारियों एवं अधिवक्ताओं से अपील की है कि जो पक्षकार अपने मामलों का निस्तारण आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे लोक अदालत से पूर्व संबंधित पीठ के समक्ष अपने मामले सूचीबद्ध (List) अवश्य करा लें, ताकि आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
मामलों की सूची अथवा अन्य जानकारी के लिए वादकारी उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
संपर्क सूत्र:
दूरभाष: 9412979696
ईमेल: hclsc-hc@uk.gov.in

