
नैनीताल। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशों के अनुपालन में उत्तराखंड उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति द्वारा शनिवार, 12 सितंबर 2026 को उच्च न्यायालय परिसर, नैनीताल में राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य वादकारियों के लंबित मुकदमों एवं विवादों का आपसी समझौते और सुलह के माध्यम से त्वरित निस्तारण करना है।
उत्तराखंड उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति की सचिव नेहा कुशवाहा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी और फौजदारी दोनों प्रकार के शमनीय (Compoundable) मामलों की सुनवाई की जाएगी। इनमें अदालत में लंबित शमनीय आपराधिक मामले, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित चेक बाउंस के मामले, बैंक ऋण एवं वित्तीय विवाद, श्रम एवं रोजगार संबंधी मामले, बिजली एवं पानी के बिलों के बकाए से संबंधित मामले तथा पारिवारिक एवं वैवाहिक विवाद शामिल हैं।
इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर एवं अन्य दीवानी मामले, किराया, इंजंक्शन वाद तथा मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से संबंधित मामलों के साथ ही आपसी समझौते के योग्य अन्य दीवानी मामलों का भी निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण से पक्षकारों का समय और धन बचता है तथा लंबी कानूनी प्रक्रिया और बार-बार की तारीखों से राहत मिलती है। दोनों पक्षों की सहमति से विवाद का समाधान होने के कारण भविष्य में विवाद की संभावना कम होती है। लोक अदालत में मामला निस्तारित होने पर पात्र वादकारियों को कोर्ट फीस की वापसी का लाभ भी मिलता है। इसके साथ ही आपसी कटुता समाप्त कर सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने में भी लोक अदालत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि जो पक्षकार अथवा अधिवक्ता शारीरिक रूप से उपस्थित होने में असमर्थ हैं, वे उच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से वर्चुअल रूप से भी राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही में जुड़ सकते हैं।
उन्होंने वादकारियों एवं अधिवक्ताओं से अपील की है कि जो पक्षकार अपने मामलों का निस्तारण आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे लोक अदालत से पूर्व संबंधित पीठ के समक्ष अपने मामलों को सूचीबद्ध अवश्य करा लें, ताकि आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।
अधिक जानकारी अथवा मामलों की सूची के संबंध में सहायता के लिए वादकारी उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। समिति का दूरभाष नंबर 9412979696 तथा ईमेल hclsc-hc@uk.gov.in है।


