
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में बुधवार को प्रस्तावित सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सर्वोच्च अदालत की कार्यसूची में मामला तीसरे नंबर पर होने की जानकारी के बाद नैनीताल पुलिस और खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है।

बनभूलपुरा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी की दो कंपनियां तैनात की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक और भड़काऊ सूचनाओं की निगरानी भी बढ़ा दी है। पुलिस और खुफिया तंत्र को ऐसी पोस्ट, संदेश और वीडियो पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास करने या उसे आगे प्रसारित करने से पहले उसकी पुष्टि करें।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था कायम रखने में सहयोग की अपील की है।

