
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 07 सितंबर को जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिले में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के 06 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 07 सितंबर, सोमवार को नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है।

लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जल प्रवाह तेज होने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने यह निर्णय लिया है।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद
आदेश के अनुसार 07 सितंबर को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिवसीय अवकाश रहेगा। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

