
राजस्व गांव बनाने की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं स्थानीय निवासी
नदी में जलीय जीवों के संरक्षण के लिए जगह-जगह कैमरे लगाने की योजना
बिंदुखता। बिंदुखता के स्थानीय निवासी बिंदुखाता को राजस्व गांव बनाने की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं। वहीं दूसरी ओर यही निवासी क्षेत्र की जैव विविधता को संरक्षित रखने में भी अनुकरणीय भूमिका निभा रहे हैं। गांव के लोगों ने प्राकृतिक नदी को जलीय जीवों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनाने के लिए एक अनूठी मुहिम छेड़ रखी है, जिसमें हजारों की संख्या में मछलियां, केकड़े, सांप सहित अन्य जलीय जंतु संरक्षित हैं।
स्थानीय लोगों के इस प्रयास की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे न केवल इन जीवों की सुरक्षा कर रहे हैं, बल्कि समय-समय पर उन्हें भोजन भी उपलब्ध करा रहे हैं। समाजसेवी लाखन सिंह मेहता और उनका परिवार प्रतिदिन नदी में मछलियों और केकड़ों के लिए भोजन की व्यवस्था करता है। ग्रामीणों ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी बाहरी व्यक्ति या स्थानीय निवासी इन जीवों को पकड़कर बेचने या अपना भोजन बनाने का प्रयास न करे। यदि कोई ऐसा करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दंडित किए जाने की परंपरा भी कायम की गई है।
समाजसेवी श्री मेहता ने बताया कि एक बार किसी व्यक्ति द्वारा लगभग 100 केकड़ों को कट्टे में भरकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति से कट्टा छीनकर सभी जलीय जंतुओं को उसी स्थान पर छोड़ दिया तथा उसके खिलाफ कार्रवाई भी की। इसके बाद अब उक्त प्राकृतिक नदी में कोई भी इस तरह की हरकत नहीं करता और वहां लगे पौधों पर भी कोई हाथ नहीं लगाता। पूरा गांव नदी के संरक्षण में जुटा हुआ है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने भविष्य में उक्त नदी में जलीय जीवन के संरक्षण के लिए जगह-जगह कैमरे लगाने की भी योजना बनाई है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इससे स्पष्ट होता है कि बिंदुखाता के निवासी जैव विविधता को उसी तरह बनाए रखना चाहते हैं, जिस तरह वे बिंदुखाता को राजस्व गांव बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है कि कैसे सामूहिक प्रयास से प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता को सहेजा जा सकता है।

