महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
दिसंबर के पहले सप्ताह में जारी होगी पहली किश्त
बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, स्वरोजगार गतिविधियों की प्रगति तथा लंबित आवेदनों की समीक्षा की गई। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह तक पात्र लाभार्थियों को योजना की पहली किश्त जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता समय पर मिलने से महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
नंदा गौरा योजना के लिए 30 नवंबर तक करें आवेदन
नंदा गौरा योजना की समीक्षा के दौरान मंत्री ने योजना के लाभ से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं के लिए विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र बालिकाओं से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना का प्रस्ताव कैबिनेट में आएगा
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में जल्द मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू करने की तैयारी है। योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्ताव को शीघ्र कैबिनेट के समक्ष रखने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित तथा सशक्त बनने के अवसर मिलें।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशी लाल राणा, उपनिदेशक बिक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की तस्वीरें और वीडियो





