
नैनीताल। कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे चार पर्यटकों को ट्रेन में मिले एक युवक ने दोस्ती का झांसा देकर हजारों रुपये और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी चारों पर्यटकों के मोबाइल, 13,500 रुपये की नगदी और चांदी की चेन चोरी करने के बाद उन्हें कमरे में बाहर से बंद कर फरार हो गया। पीड़ितों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शामली (हसनपुरी), उत्तर प्रदेश निवासी शिवम कुमार अपने दोस्तों मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ बाबा नीम करोली के प्रसिद्ध कैंची धाम के दर्शन के लिए ट्रेन से आ रहे थे। मुरादाबाद के पास एक युवक ट्रेन में सवार हुआ। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम दीपक बताया और खुद को भी कैंची धाम का श्रद्धालु बताया। सफर के दौरान बातचीत बढ़ने पर युवक ने चारों पर्यटकों से दोस्ती कर ली।

काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद पांचों नैनीताल आए और रात ठहरने के लिए एक स्थानीय होटल में कमरा ले लिया। चारों पर्यटकों की सुबह कैंची धाम जाने की योजना थी। आरोप है कि रात करीब एक बजे जब सभी पर्यटक सो रहे थे, तभी दीपक ने उनके मोबाइल, कवर में रखे 3,500 रुपये, बैग में रखी 10,000 रुपये की नगदी और चांदी की चेन चोरी कर ली।
वारदात के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया और मौके से फरार हो गया। सुबह नींद खुलने पर पर्यटकों ने दरवाजा बाहर से बंद पाया। होटल कर्मचारियों की मदद से कमरे से बाहर निकलने के बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

