प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन
पौड़ी। शहर की ऐतिहासिक विरासत को संवारने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन तथा नगर पालिका ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगर पालिकाध्यक्षा हिमानी नेगी और स्थानीय नागरिकों ने जिला कार्यालय के समीप हिमालय पुत्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इसके साथ ही डमरू हॉल के नीचे विकसित दुपहिया वाहन पार्किंग का भी शुभारंभ किया गया।
हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर प्रतिमा स्थल की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने इसके सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से 4.50 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई और कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिका पौड़ी को सौंपी गई। कार्य के अंतर्गत प्रतिमा स्थल पर छत निर्माण, रेलिंग, फ्लोरिंग सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी, नगर पालिकाध्यक्षा, गणमान्य नागरिकों और सभासदों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बहुगुणा को नमन किया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को शहर की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

डमरू हॉल के नीचे 150 दुपहिया वाहनों की पार्किंग शुरू
इसके बाद जिलाधिकारी और नगर पालिकाध्यक्षा सहित व्यापार सभा के प्रतिनिधियों तथा सभासदों ने डमरू हॉल के नीचे विकसित दुपहिया वाहन पार्किंग का शुभारंभ किया। इस पार्किंग में एक समय में लगभग 150 दुपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इससे शहर के व्यस्त क्षेत्रों में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यापार सभा के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए दुपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में आमजन और व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है। व्यवस्थित पार्किंग से जाम की समस्या कम होने के साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।


पर्यटन नगरी के रूप में पौड़ी को विकसित करने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि पौड़ी को पर्यटन नगरी के रूप में आगे बढ़ाने के लिए शहर की बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। शहर की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण और नागरिक सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। नगर पालिकाध्यक्षा ने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा विकसित होने से स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और पर्यटकों को राहत मिलेगी। इस अवसर पर नगर पालिका के कार्मिक और अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



