जिला कार्यालय सभागार में पर्यटन विकास को लेकर बैठक
पौड़ी। जनपद के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने विकास की रूपरेखा तैयार करनी शुरू कर दी है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को बेहतर पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने के संबंध में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीनों स्थलों की विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखते हुए सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
कण्वाश्रम की पौराणिक विरासत को मिलेगी कलात्मक पहचान
कण्वाश्रम के विकास के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यहां की पौराणिक कथाओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और धार्मिक महत्व को योजना का प्रमुख आधार बनाया जाए, ताकि पर्यटक इस स्थल की गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों का थ्रीडी डिजाइन तैयार करने और परिसर को कलात्मक एवं आकर्षक स्वरूप देने को कहा।
प्रस्तावित कार्यों में कैनाल किनारे पहाड़ी पत्थर लगाना, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक साइनेज, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट, शौचालय एवं पेयजल सुविधा तथा प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण शामिल है। पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में हट्स एवं घाट विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर 20 नवंबर तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों एवं हितधारकों के सुझाव भी लिए जाएंगे।
ताड़केश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
ताड़केश्वर मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण पर जोर दिया गया। प्रस्तावित कार्यों में शौचालय एवं दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित स्थानों का सुधारीकरण, प्राकृतिक शैली में पैदल मार्ग, रेलिंग निर्माण, पेंटिंग और आकर्षक साइनेज शामिल हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार को नया स्वरूप देने तथा लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश दिए गए।
वाहन पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा गया। तब तक संबंधित भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने की कार्रवाई और पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान शिव के इस पवित्र धाम में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए।

सिरासू टूरिस्ट पार्क का होगा कायाकल्प
यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण, रेलिंग मरम्मत, बेंच लगाने, शौचालय सुधारीकरण, पाथवे निर्माण, सेल्फी प्वाइंट, विद्युत सौंदर्यीकरण, अस्थायी दुकानों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था जैसे कार्य प्रस्तावित किए गए। क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई, जिसके लिए संबंधित नगर निकाय से आवश्यक अनुमति प्राप्त की जा सकती है।
सिरासू में पर्यटन विकास को स्थानीय आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि होमस्टे संचालन एवं पर्यटन आधारित रोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए शिविर आयोजित किया गया है। खंड विकास अधिकारी के अनुसार 20 नवंबर से 20 महिलाओं के लिए मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसके साथ फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी प्रारंभ होगा। इन कार्यक्रमों से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास प्रस्ताव संबंधित स्थलों की प्राकृतिक विशेषताओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू का योजनाबद्ध विकास होने से जनपद के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी तथा पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यवसायों, युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित होंगे।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।


