उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए राज्यपाल के निर्देश
देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा है कि उत्तराखण्ड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ स्थानीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभव का समन्वय जरूरी है। उन्होंने ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों को तैयार करने, अर्ली वार्निंग सिस्टम को मजबूत करने और आपदा संबंधी चेतावनियां आम लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग प्राकृतिक आपदाओं के प्रति पहले से जागरूक, संवेदनशील और सतर्क रहे हैं। राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी तंत्र तक सीमित नहीं रखा जा सकता। समुदाय को इसका सक्रिय भागीदार बनाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों को आपदा के दौरान सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन संचार के संबंध में लगातार प्रशिक्षित किया जाए। आपदा के समय सबसे पहली और प्रभावी प्रतिक्रिया स्थानीय समुदाय से ही मिलती है, इसलिए उसकी क्षमता मजबूत करना जरूरी है।
राज्यपाल ने पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के पारंपरिक ज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय निवासी मौसम, जलस्रोतों, नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और प्राकृतिक बदलावों को अपने अनुभव से समझते हैं। इस ज्ञान का वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समन्वय कर आपदा प्रबंधन योजनाओं में उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने एनजीओ और कृषक समूहों को भी आपदा प्रबंधन से जोड़ने तथा आपदा-प्रवण देशों के नवाचारों और सफल प्रयासों का अध्ययन करने को कहा।
आम लोगों तक समय पर अलर्ट
राज्यपाल ने कहा कि समय रहते सटीक और विश्वसनीय चेतावनी मिलने पर लोग सुरक्षित स्थानों पर जा सकते हैं और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने मोबाइल आधारित अलर्ट, एसएमएस, सोशल मीडिया, स्थानीय संचार माध्यमों, सामुदायिक रेडियो और अन्य उपलब्ध माध्यमों से चेतावनियां तेजी से आम जनता तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
डॉप्लर रडार और अर्ली वार्निंग सिस्टम का विस्तार
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में अर्ली वार्निंग सिस्टम की पहुंच बढ़ाने, मौसम और प्राकृतिक खतरों की स्थानीय स्तर पर सटीक निगरानी के लिए डॉप्लर रडार की संख्या बढ़ाने तथा आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ने पर जोर दिया।
एसईओसी-डीईओसी के बीच 24×7 समन्वय
राज्यपाल ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) के माध्यम से सभी जनपदों और संबंधित विभागों के बीच चौबीसों घंटे प्रभावी समन्वय तथा सूचना का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा।
स्कूल-कॉलेजों में आपदा प्रबंधन शिक्षा
उन्होंने विद्यालय स्तर से आपदा जागरूकता शुरू करने पर जोर दिया। स्कूलों और कॉलेजों में आपदा प्रबंधन को पाठ्यक्रम, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों या प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने, शिक्षकों को आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण देने और प्रत्येक छात्र को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विभागों, संस्थानों और समुदायों के लिए नियमित मॉक ड्रिल तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा।
आधुनिक उपकरण और हेली रेस्क्यू क्षमता
राज्यपाल ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आधुनिक संचार उपकरण, ड्रोन, सैटेलाइट आधारित तकनीक, रियल टाइम डेटा और जीआईएस आधारित मैपिंग को राहत एवं बचाव कार्यों में शामिल करने के निर्देश दिए। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में हेली रेस्क्यू क्षमता बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में हेलीपैडों की संख्या बढ़ाने तथा उपलब्ध हेलीपैडों को आपदा के समय उपयोग योग्य बनाए रखने पर भी जोर दिया।
ग्लेशियर झीलों की निगरानी की सराहना
राज्यपाल ने ग्लेशियर झीलों की निगरानी और संभावित जोखिमों को कम करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वसुंधरा ताल में अर्ली वार्निंग सिस्टम की स्थापना को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर झीलों से उत्पन्न संभावित खतरों की समय रहते पहचान और चेतावनी के लिए यह पहल उपयोगी है। उन्होंने इसे अन्य हिमालयी राज्यों और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए भी मॉडल बनाने की बात कही।
केंद्र से सहयोग लेने के निर्देश
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य को केंद्र सरकार से तकनीकी, वित्तीय या अन्य किसी सहायता की आवश्यकता हो तो संबंधित विषय उनके समक्ष लाए जाएं। वे केंद्र सरकार के स्तर पर राज्य का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने राज्यपाल को आपदा पूर्व तैयारियों, राहत एवं बचाव व्यवस्था, अर्ली वार्निंग सिस्टम, आधुनिक तकनीक के उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा दिए गए निर्देशों पर शीघ्र अमल कर अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में कमाण्डेंट राज्य आपदा प्रतिवादन बल जौलीग्रांट देहरादून अर्पण यदुवंशी तथा 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल गदरपुर, ऊधमसिंह नगर के कमाण्डेंट संतोष कुमार भी उपस्थित रहे।


