
–ओखलकांडा के चमोली ग्राम पंचायत में सड़क सुधार के लिए सांसद निधि से धनराशि आवंटित, वन विभाग को बनाया कार्यदायी संस्था
। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के ओखलकांडा विकासखंड की ग्राम पंचायत चमोली के तोक किटौड़ा में कच्चे मार्ग के सुधारीकरण के लिए सांसद निधि से ढाई लाख रुपये तत्काल प्रभाव से आवंटित किए हैं।
मुख्य सड़क गलनी से किटौड़ा की ओर जाने वाले इस कच्चे मार्ग के सुधारीकरण का कार्य वन्यजीवों के खतरे की आशंका वाले क्षेत्र में ग्रामीणों की आवाजाही को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मार्ग के सुधारीकरण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सांसद अजय भट्ट ने इस कार्य के लिए प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय को कार्यदायी संस्था नामित किया है। धनराशि आवंटित होने के बाद अब संबंधित विभाग के माध्यम से मार्ग सुधारीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


