
देहरादून। ऋषिकेश के रायवाला में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उनकी बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुश्तैनी जमीन में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर शिल्पा का अपनी मां और भाई से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसने मां की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को खजानी देवी अपने घर से लापता थीं। उनके घर के गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने ताला तोड़कर घर के अंदर देखा तो खजानी देवी बाथरूम में मृत पड़ी मिलीं। मामले में 22 सितंबर को रायवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने छह टीमों का गठन किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की भी जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस को शिल्पा के पुश्तैनी जमीन को लेकर मां से विवाद और उसके परिचित शिव नारायण की घटना से पहले आसपास मौजूदगी के साक्ष्य मिले।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिव नारायण ने शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 26 सितंबर को शिल्पा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि शिल्पा ने शिव नारायण को खजानी देवी के बारे में यह कहकर गुमराह किया था कि वह उसकी सौतेली मां हैं। शिल्पा ने उसे मां की मौत के बाद जमीन में हिस्सा मिलने और जमीन बेचकर दोनों के साथ गृहस्थी बसाने का लालच दिया।
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत शिव नारायण 21 सितंबर को खजानी देवी के घर पहुंचा और मौका देखकर उनका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने घर के गेट पर बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

